एयर मार्शल राकेश कुमार सिंह भदौरिया ने बुधवार को उप वायु सेना प्रमुख का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने एयर मार्शल अनिल खोसला का स्थान लिया है। एयर मार्शल भदौरिया राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र हैं। उन्हें 15 जून 1980 को भारतीय वायु सेना के लड़ाकू दस्ते में शामिल किया गया था। एयर मार्शल भदौरिया ने बांग्लादेश के कमांड एंड स्टाफ कॉलेज से रक्षा अध्ययन में परास्नातक किया है।
एयर मार्शल ने वायु सेना में कई अहम पदों पर सेवा दी है। एयर मार्शल भदौरिया रूस में भारतीय दूतावास में ‘एयर अताशे’ भी रहे हैं। वायु सेना का उप प्रमुख बनने से पहले वह प्रशिक्षण कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ’ थे। उप वायु सेना प्रमुख को उनके करियर के दौरान परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल और वायु विशिष्ट सेवा मेडल से नवाजा गया है। एयर मार्शल खोसला सोमवार को सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने चार दशक तक वायुसेना में सेवा दी है।


Download Android App
Download iOS App



