मिजोरम सरकार ने कोविड-19 मामलों में वृद्धि के बाद आइजोल और अन्य जिला मुख्यालय नगरों में तीन मई से आठ दिनों के लॉकडाउन की शनिवार को घोषणा की।जारी आदेश में कहा गया है कि कोविड-19 मामलों की लगातार वृद्धि के मद्देनजर मिजोरम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आवश्यक सेवाओं को छोड़कर लोगों की आवाजाही और गतिविधियों को रोकने के लिए, “लॉकडाउन” के रूप में सख्त कदम उठाने का फैसला किया है।
आदेश के अनुसार, यह निर्णय कोविड-19 संक्रमण रोकने, प्रभावी जांच करने, संक्रमितों के उपचार पर नजर रखने और टीकाकरण बढ़ाने के लिए लिया गया है।लॉकडाउन सोमवार (3 मई) सुबह चार बजे शुरू होगा जो 11 मई की सुबह 4 बजे तक लागू रहेगा।मिजोरम में आइजोल सहित 11 जिले हैं।
आदेश में कहा गया है कि आइजोल नगरपालिका क्षेत्र और अन्य जिला मुख्यालय नगर के किसी भी निवासी को लॉकडाउन के दौरान अपने घरों से बाहर नहीं निकलना चाहिए, वहीं राज्य में या राज्य के बाहर यात्रा बहुत जरूरी स्थिति में करने की अनुमति दी जाएगी।इसमें कहा गया है कि रात का कर्फ्यू सभी जिला मुख्यालयों में शाम 7 से सुबह 4 बजे के बीच लगाया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



