अलर्ट! भीड़भाड़ से बचें, मास्क अवश्य पहनें लोग…H3N2 संक्रमण पर हमीरपुर के CMO की सलाह

Summary :

एच3एन2 फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच हमीरपुर के मुख्य चिकित्सकीय अधिकारी (सीएमओ) ने लोगों को मास्क पहनने और एक-दूसरे से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की शनिवार को सलाह दी।

हिमाचल प्रदेश: एच3एन2 फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच हमीरपुर के मुख्य चिकित्सकीय अधिकारी (सीएमओ) ने लोगों को मास्क पहनने और एक-दूसरे से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की शनिवार को सलाह दी। सीएमओ आर के अग्निहोत्री ने यहां एक कार्यशाला में ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों (बीएमओ), चिकित्सा अधिकारियों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से जुड़े चिकित्सकों को संबोधित करते हुए कहा कि देश में एच3एन2 फ्लू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने सभी बीएमओ और चिकित्सकों को अपने-अपने क्षेत्रों में कोविड-19 की जांच में तेजी लाने और फ्लू के सभी मामलों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
अग्निहोत्री ने कहा कि एच3एन2 एक इन्फ्लूएंजा वायरस है, जो आमतौर पर सूअरों से मनुष्यों में फैलता है। उन्होंने कहा कि यह एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में भी फैलता है और इसके लक्षण मौसमी फ्लू वायरस के समान होते हैं। सीएमओ ने कहा कि यह कोविड-19 की तरह संक्रामक है और इससे बचने के लिए लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचना चाहिए, एक-दूसरे से उचित दूरी बनाए रखनी चाहिए, मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए और हाथों को साफ रखना चाहिए।

Desk Team