राजधानी दिल्ली में नागरिकता संशोधित कानून (सीएए) को लेकर भड़की हिंसा में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। उत्तर पूर्वी दिल्ली के हिंसा प्रभावित इलाके में सीआरपीसी की धारा 144 लगा दी गई है। वहीं पश्चिम बंगाल के सभी पुलिस थानों को अलर्ट कर दिया गया है। यह जानकारी अधिकारियों ने मंगलवार को दी।
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सभी उपायुक्तों, सहायक आयुक्तों और प्रभारी अधिकारियों को ‘‘पूरी तरह अलर्ट’’ रहने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि उनसे नियमित गश्त करने और समुदाय के नेताओं के साथ सम्पर्क में रहने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से कहा गया कि अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए तदनुसार कदम उठायें।
राज्य पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस के सभी अधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने अपने क्षेत्रों में कड़ी चौकसी रखें। उत्तरपूर्वी दिल्ली में हिंसा में एक हेड कांस्टेबल सहित सात लोगों की मौत हो चुकी है। सीएए को लेकर पश्चिम बंगाल में 13 से 17 दिसम्बर तक हिंसा हुई थी जिस दौरान कई रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक सम्पत्ति को क्षति पहुंचायी गयी थी।


Download Android App
Download iOS App



