हेमंत सोरेन शहर के मोरहाबादी मैदान में शनिवार दोपहर दो बजे आयोजित एक समारोह में हेमंत सोरेन झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव, कांग्रेस के विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और राष्ट्रीय जनता दल के एकमात्र विधायक सत्यानंद भोक्ता मंत्री पद की शपथ लेंगे।
राजभवन के सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री के अलावा शपथ लेने वाले तीन मंत्रियों के नाम के अधिपत्र (वारंट) पर राज्यपाल ने आज सुबह हस्ताक्षर किए। इस प्रकार विधानसभा चुनावों में चुनाव पूर्व के गठबंधन में शामिल तीनों दलों के प्रतिनिधि आज मंत्रिपद की शपथ ग्रहण करेंगे। झामुमो में मंत्री पद के लिए बहुत लोग इच्छुक हैं लेकिन फिलहाल उससे सिर्फ मुख्यमंत्री ही शपथ ग्रहण करेंगे।
पार्टी से आज किसी अन्य को शपथ ग्रहण नहीं कराया जाएगा। इस बीच राजभवन के सूत्रों ने बताया कि मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण का कार्यक्रम दोपहर दो बजे से लगभग सवा दो बजे तक चलेगा और इस दौरान राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू मुख्यमंत्री के अलावा तीन मंत्रियों को शपथ दिलाएंगी। बाद में नए मुख्यमंत्री, उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों, बाहर से आए अतिथियों एवं अन्य गण्यमान लोगों के लिए राजभवन में दोपहर तीन बजे से चार बजे तक मिलन समारोह एवं चाय-नाश्ते का आयोजन किया जाएगा।
मोरहाबादी मैदान में आयोजित समारोह को विपक्षी एकजुटता का ऐतिहासिक अवसर बनाने के लिए कार्यक्रम में उद्धव ठाकरे, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल समेत विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, शरद पवार के अलावा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव डी राजा और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी भी शामिल होंगे।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता और महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने आज सुबह बताया कि हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रधानमंत्री, सभी मुख्यमंत्रियों, बड़े नेताओं एवं माननीय लोगों को आमंत्रित किया गया है हालांकि पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, सपा नेता अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती के आने की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।
लेकिन उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार, पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम और अहमद पटेल, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री तारीक अनवर के साथ ही माकपा महासचिव सीताराम येचुरी तथा अनेक अन्य लोगों की भी कार्यक्रम में आने की सहमति मिल चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



