औरंगाबाद रेल हादसे में मजदूरों की मौत को गृहमंत्री ने बताया शब्दों से परे, राजनाथ ने जताया दुख

Summary :

औरंगाबाद-जालना रेलवे लाइन पर हुए इस हादसे में 16 मजदूरों की मौत हो गई है जबकि कई अन्य घायल हैं। स्थिति को संभालने के लिए आरपीएफ और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच चुकी है।

महाराष्ट्र के औरंगाबाद में हुए शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में मारे गए मजदूरों की मौत पर गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक व्यक्त किया है। अमित शाह ने इस घटना में हुए जान के नुकसान को शब्दों से परे बताया है। आज सुबह तड़के रेल की पटरी पर सो रहे प्रवासी मजदूरों को एक मालगाड़ी ने रौंद दिया। जिसमें 16 मजदूरों की मौत हो गई है।
अमित शाह ने मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा, महाराष्ट्र रेल दुर्घटना में हुई मजदूरों की मौत का दर्द शब्द से परे है। उन्होंने कहा कि मैंने रेल मंत्री पीयूष गोयल से बात की है, केंद्रीय सरकार और रेलवे प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों से हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए कहा है। शोक संतप्त परिवारों के साथ मेरी संवेदना है।


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में रेल दुर्घटना अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। इस हादसे में अपनों को खोने वालों के प्रति मेरी संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।


औरंगाबाद-जालना रेलवे लाइन पर हुए इस हादसे में 16 मजदूरों की मौत हो गई है जबकि कई अन्य घायल हैं। स्थिति को संभालने के लिए आरपीएफ और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। औरंगाबाद के कर्माड के नजदीक यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार ये सभी मजदूर जालाना से भुसावल की ओर पैदल जा रहे थे। 

उन सभी को मध्य प्रदेश जाना था। सभी रेलवे ट्रैक के किनारे-किनारे चल रहे थे और इस दौरान थकान होने से वे रेलवे ट्रैक पर ही सो गए। सोए हुए अवस्था में ही मालगाड़ी ने आकर सबको रौंद दिया। औरंगाबाद में हुई इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है।

Desk Team