वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का कहर पूरी दुनिया में बरकरार है। वहीं लॉकडाउन के बीच दुसरे देशों में फंसे भारतीयों को वापस लाने का सिलसिला शुरू हो गया है। वंदे भारत मिशन के तहत विदेश में फंसे भारतीयों को लाने का क्रम गुरुवार से शुरू हुआ है जिसका आज दूसरा दिन है। मिली जानकारी के अनुसार कई देशों से भारतीय आज दिल्ली और कलकत्ता लौटेंगे।
भारतीय नागरिकों को लाने के लिए आज पांच उड़ानें विदेश जाएंगी। एयर इंडिया के मुताबिक पहली उड़ान सिंगापुर से दिल्ली के लिए है। दूसरी रियाद, सउदी अरब से कोझीकोड और तीसरी ढाका, बांग्लादेश से दिल्ली पहुंचेंगी। वहीं चौथी उड़ान मनामा, बहरीन से कोच्चि और पांचवी दुबई यूएई से चेन्नई के लिए चलेगी। बता दें इससे पहले गुरुवार को एयर इंडिया के दो विमान से 363 भारतीयों को वापस लाया गया।
सूत्रो से मिली जानकारी के मुताबिक लॉकडाउन की वजह से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में फंसे 363 प्रवासी भारतीयों की घर वापसी हो गई है। गुरुवार की देर रात एयर इंडिया एक्सप्रेस (एआईइ) के मदद से 363 प्रवासी नागरिक अबू धाबी और दुबई से केरल पहुंचे। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक 13 विमानों से पांच दिन के भीतर 2,000 लोग पहुंचेंगे। इस दौरान हवाईअड्डे पर थर्मल जांच से लेकर बाद में उनके पृथकवास तक की व्यवस्था की गई है।
इसके अतिरिक्त नौसेना के दो जहाज फंसे नागरिकों को लाने के लिए मंगलवार को मालदीव के लिए रवाना हो चुके हैं। बता दें कि केंद्र सरकार सात मई से 13 मई तक खाड़ी देशों, सिंगापुर, अमेरिका और ब्रिटेन में फंसे नागरिकों के लिए 64 विमानों का संचालन करेगी। कोच्चि के एक सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सों ने चार पायलट समेत एयरलाइन के 12 कर्मचारियों को पीपीई, संक्रमण नियंत्रण नियमों का पालन करने का प्रशिक्षण दिया है। विमानों के परिचालन से पहले और गंतव्य स्थल पर पहुंचने के बाद उसे संक्रमण मुक्त करने के लिए एआईइ ने केंदीय भंडारण निगम से करार किया है।


Download Android App
Download iOS App



