चेन्नई : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज कहा कि द्रमुक प्रमुख एम करुणानिधि (Karunanidhi) की स्मृति सभा में केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी और इसके राष्ट्रीय सचिव मुरलीधर राव पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रकार पार्टी ने 30 अगस्त के इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के भाग लेने की अटकलों को विराम दे दिया। भाजपा प्रदेश इकाई अध्यक्ष तमिलिसाई सुंदरराजन ने एक बयान में कहा कि जहाजरानी मंत्री और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गडकरी और राव बैठक में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में देशभर के कई नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा, कांग्रेस के गुलाम नबी आजाद, आंध्र प्रदेश, बिहार और दिल्ली के मुख्यमंत्री क्रमश: एन चंद्रबाबू नायडू, नीतीश कुमार और अरविंद केजरीवाल और माकपा महासचिव सीताराम येचुरी सहित अन्य के इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। मीडिया के एक धड़े ने खबर दी थी कि शाह ने द्रमुक का न्यौता स्वीकार कर लिया है। इसके बाद अगले वर्ष प्रस्तावित लोकसभा चुनावों से पहले राजनीतिक गठजोड़ की अटकलें लगना शुरू हो गई थीं।


Download Android App
Download iOS App



