तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति (टीपीसीसी) के अध्यक्ष एवं सांसद एन उत्तम कुमार रेड्डी ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के तेलंगाना को राज्य घोषित करने के समय संसद के दरवाजे बंद करने के आरोप को अनुचित करार दिया है।
श्री रेड्डी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा,‘‘यह आम तरीका है।जब भी वोटिंग के माध्यम से लोकसभा या राज्यसभा में विधेयक पास कराया जाता है तो दरवाजे बंद कर दिये जाते हैं।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार ने तेंलगाना राज्य की स्थापना सभी राजनीतिक पार्टियों से चर्चा करके और जरुरी कार्यवाही के तहत की थी।
उन्होंने कहा कि तेलंगाना राज्य का समर्थन मार्कस्वादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन या (एआईएमआईएम ) को छोड़कर सभी अन्य राजनीतिक पार्टी ने किया था।
इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह लगातार इसकी आलोचना करते हैं। क्या वह तेलंगाना राज्य के विरोध में हैं? श्री रेड्डी ने कहा कि यह वाकई दुर्भाज्ञपूर्ण है कि जब संसद में गृह मंत्री ने यह बयान दिया तब तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के सांसद शांत बैठे थे। उन्होंने इसका विरोध नहीं किया।


Download Android App
Download iOS App



