Amravati Murder Case: अमरावती हत्याकांड पर देवेंद्र फडणवीस ने दिया बयान, बोले- विदेशी ताकतें देश में तनाव…

Summary :

अमरावती हत्याकांड पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अमरावती की घटना गंभीर है, जिस बर्बरता के साथ उन्हें मारा गया है,

Amravati Massacre: अमरावती हत्याकांड पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अमरावती की घटना गंभीर है, जिस बर्बरता के साथ उन्हें मारा गया है, ये बहुत ही क्रूरतापूर्ण व्यवहार है। आरोपियों को पकड़ा गया है।  NIA इसकी जांच कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि इसमें कोई बाहरी कनेक्शन है क्या? ऐसा ध्यान में आ रहा है कि देश में तनाव हो, ऐसा कुछ विदेशी ताकतें भी प्रयास कर रही है। इसकी भी जांच होगी। शुरूआत में इसको एक डकैती का रूप दिया गया था, उसकी भी जांच की जाएगी। ये सब बातें हम जल्द सामने लाएंगे। 
बता दें कि, महाराष्ट्र के अमरावती जिले में 54 वर्षीय उमेश कोल्हे की 21 जून को हत्या कर दी गई थी। कहा जा रहा है कि बीजेपी की निलंबित नेता नूपुर शर्मा के समर्थन में मैसेज भेजने को लेकर ये हत्या की गई। राजस्थान के उदयपुर में भी नूपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट डालने को लेकर कन्हैयालाल नामक व्यक्ति की हत्या की गई थी।
अमरावती मामले में अब तक 7 गिरफ्तार
उमेश कोल्हे की हत्या उदयपुर हत्याकांड से एक हफ्ते पहले की गई थी। उमेश कोल्हे जब अपनी दुकान से घर जा रहे थे तो हमलावरों ने उनपर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। इस मामले में अब तक कथित मास्टरमाइंड सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मामले में बढ़ सकती है गिरफ्तारियों की संख्या 
अमरावती की एक जिला अदालत ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड को सात जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इरफान शेख के रूप में पहचाने जाने वाले मुख्य आरोपी को अमरावती पुलिस (Amravati Police) ने।रविवार को नागपुर में गिरफ्तार किया था। वह इस मामले में गिरफ्तार होने वाला सातवां आरोपी था। रविवार को एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तारियों की संख्या बढ़ सकती है।

Desk Team