पुणे : राकांपा के एक कार्यकर्ता ने पार्टी प्रमुख शरद पवार की ”हत्या की साजिश” का संदेह जताते हुए शनिवार को स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने यह शिकायत पवार के खिलाफ ”भड़काऊ” बयानों वाले वीडियो और उनपर की गईं टिप्पणियों का हवाला देते हुए दर्ज कराई है। कार्यकर्ता लक्ष्मीकांत खाबिया ने शिवाजी नगर थाने और साइबर सेल में दी शिकायत में कहा कि उन्हें नरेन्द्र दाभोलकर और गोविंद पनसारे के खिलाफ रची गई साजिश की तरह षड्यंत्र का संदेह है।
तर्कवादी दाभोलकर की कथित रूप से कुछ चरमपंथी समूहों ने अगस्त 2013 में हत्या कर दी थी जबकि वामपंथी विचारक पनसारे का 2015 में कत्ल कर दिया गया था। इन दोनों ही मामलों में जांच एजेंसियों ने कुछ हिंदूवादी संगठनों से कथित रूप से संबंधित लोगों को गिरफ्तार किया था। खाबिया में अपनी शिकायत में पवार के खिलाफ भड़काऊ बयान देने वाले और उनपर टिप्पणी करने वाले चरमपंथी विचारों के समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अपनी शिकायत में कम से कम दो लोगों के नाम दिए हैं।
खाबिया ने कहा, ”इन लोगों के बयानों और उनपर की गईं टिप्पणियों से सवाल खड़ा होता है कि क्या यह पवार साहेब की हत्या की सुनियोजित साजिश है।” पुणे के पुलिस आयुक्त के वेंकटेशम ने कहा, ”हम आरोपों की जांच कर रहे हैं और तथ्यों के सत्यापन के बाद कार्रवाई की जाएगी।”


Download Android App
Download iOS App



