अंडमान-निकोबार : स्थानीय चुनाव के लिए कांग्रेस ने द्रमुक के साथ किया गठबंधन, मार्च में होंगे मतदान

Summary :

अंडमान-निकोबार में होने वाले आगामी स्थानीय चुनाव के लिए कांग्रेस ने द्रमुक (द्रविड़ मुनेत्र कषगम) के साथ गठबंधन करने की घोषणा की है

केंद्र शासित प्रदेश अंडमान-निकोबार में होने वाले आगामी स्थानीय चुनाव के लिए कांग्रेस ने द्रमुक (द्रविड़ मुनेत्र कषगम) के साथ गठबंधन करने की घोषणा की है। अंडमान में नेताजी नगर और हट बे को छोड़कर सभी ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषद एव पोर्ट ब्लेयर नगर परिषद के चुनाव छह मार्च को होने हैं। दोनों पार्टियों के बीच हुए समझौते के तहत द्रमुक पोर्ट ब्लेयर नगर परिषद की वार्ड संख्या 1,6,9,15 और 21 में अपना प्रत्याशी उतारेगी।
सोमवार को दोनों पार्टियों ने किया करार 
गठबंधन को लेकर दोनों पार्टियों ने सोमवार को केंद्र शासित प्रदेश की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष रंगलाल हलधर और द्रमुक की राज्य इकाई के संयोजक ए एल कुलंदई की उपस्थिति में सोमवार को करार दिया। हलधर ने कहा, पिछले लोकसभा चुनाव में हमने मिलकर काम किया था और जीत दर्ज की थी। द्रमुक के साथ गठबंधन से आगामी चुनाव में जीत सुनिश्चित होगी। 
तेलुगु देशम पार्टी से भी किया है समर्थन 
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने आगामी चुनाव के लिए तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) से भी गठबंधन किया है। समझौते के तहत तेदेपा पोर्ट ब्लेयर नगर परिषद की वार्ड संख्या 2,5 और 16 से अपने प्रत्याशी उतारेगी। स्थानीय चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 11 फरवरी है, जबकि 12 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 14 फरवरी तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतों की गिनती आठ मार्च को होगी।

Desk Team