आंध्र प्रदेश के निर्वाचन अधिकारियों को वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) अध्यक्ष वाई.एस.जगनमोहन रेड्डी का नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए एक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुआ है। एक अज्ञात व्यक्ति ने जगनमोहन रेड्डी की तरफ से कडप जिले के पुलिवेंडुला विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के भाकापुरम (134वें मतदान केंद्र) की मतदाता सूची से उनका वोट हटाने के लिए आवेदन दाखिल किया है। निर्वाचन अधिकारी सत्यम के अनुसार, आवेदन फॉर्म-7 में दिया गया है, जिसमें जगनमोहन रेड्डी का नाम आवेदक के तौर पर है।
इसमें नेता की तस्वीर व अन्य विवरण हैं। निर्वाचन अधिकारी ने वाईएसआरसीपी प्रमुख के निजी सचिव से संपर्क किया। निजी सचिव ने इस तरह का कोई आवेदन जमा करने से इनकार किया है। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। फॉर्म-7 का इस्तेमाल मतदाता अपना नाम या किसी अन्य का नाम मतदाता सूची से हटाने के आवेदन के लिए करते हैं। आंध्र प्रदेश के निर्वाचन अधिकारियों ने बीत दो हफ्तों में इस तरह के रीब 10 लाख आवेदन प्राप्त किए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) गोपाल कृष्ण द्विवेदी ने कहा कि आवेदनों में आधे से ज्यादा को खारिज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि 446 मामले ऐसे लोगों के खिलाफ दर्ज किए गए हैं, जिन्होंने मतदाताओं के नाम हटाने के लिए झूठा आवेदन जमा किया है। आंध्र प्रदेश की सत्तारूढ़ तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) व विपक्षी वाईएसआरसीपी, एक दूसरे पर मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए आवेदन जमा करने का आरोप लगा रही हैं।


Download Android App
Download iOS App



