असम विधानसभा के छह अप्रैल को होने वाले तीसरे चरण के चुनाव के लिए सत्तारूढ़ भाजपा के सहयोगी दल यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल), आठ दलों के महागठबंधन में शामिल बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) और नव गठित रैजोर दल ने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
यूपीपीएल ने आठ उम्मीदवारों की दूसरी सूची की घोषणा की है जिसमें राज्यसभा के पूर्व सांसद एवं पार्टी के संस्थापक उर्खाव ग्वरा ब्रह्म को चापागुड़ी (एसटी), प्रतिष्ठित कारोबारी मनरंजन ब्रह्म को कोकराझार पश्चिम (एसटी) और एबीएसयू के पूर्व महासचिव लॉरेंस इस्लारी को कोकराझार पूर्व (एसटी) सीट से उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के महासचिव मोती ब्रह्म हजोरी ने मंगलवार को बताया कि यूपीपीएल के अन्य उम्मीदवारों में गोसाइगांव से सोमनाथ नरजारी, सिधली से जयंत बसुमतारी, बिजनी से पानिन बोरो, तमुलपुर एलएसी से लेहो राम बोरो और बरामा (एसटी) से भूपेन बोरो शामिल हैं।
यूपीपीएल ने इससे पहले दो उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची की घोषणा की थी जिनमें उदलगुड़ी से गोबिंद चंद्र बसुमतारी और मजबत से रतेंद्र दैमारी को प्रत्याशी बनाया गया। बीपीएफ प्रमुख एच मोहिलारी ने भी उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की जिनमें कोकराझार पूर्व से मौजूदा विधायक प्रमिला रानी ब्रह्म, कोकराझार पश्चिम से रविराम नरजारी, गोसाइगांव से मजेंद्र नरजारी, सिधली से मंत्री चंदन ब्रह्म, बिजनी से कमलसिंह नरजारी, 62 बरामा से बीपीएफ महासचिव प्रबिन बोरो, चापागुड़ी से पूर्व विधायक हितेश बसुमतारी और तमुलपुर निर्वाचन क्षेत्र से रामदास बसुमतरी को उम्मीदवार बनाया गया है।
बीपीएफ ने इससे पहले चार उम्मीदवारों की घोषणा की थी जिनमें उदलगुड़ी से रिहोन दैमारी, कलईगांव से दुर्गादास बोडो, पनेरी से करुणा कांता सोर्गोयारी और मजबत से चरण बोरो शामिल हैं। नव गठित रैजोर दल ने दक्षिण सलमारा से नजरुल इस्लाम, धुबरी से रसूल हक, गौरीपुर से अब्दुर रज्जाक हुसैन, जालुकबाड़ी से हेमंत कुमार सुत और नगेन चंद्र दास को उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा की। पार्टी ने राज्य में तीनों चरण के चुनावों के लिए 37 उम्मीदवारों की घोषणा की है। असम विधानसभा की 126 सीटों के लिए 27 मार्च, एक अप्रैल और छह अप्रैल को तीन चरणों में चुनाव होंगे।


Download Android App
Download iOS App



