हिमाचल प्रदेश के मंडी से भारतीय जनता पार्टी के दो बार के सांसद राम स्वरूप शर्मा रहस्यमय परिस्थितियों में बुधवार को अपने सरकारी आवास पर मृत पाए गए। 62 वर्षीय सांसद की आकस्मिक मृत्यु के बाद पार्टी में शोक की लहर है। बीजेपी ने सांसद के निधन के बाद अपने दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
बीजेपी ने पार्लियामेंट्री पार्टी मीटिंग और एक नेता का ज्वाइनिंग कार्यक्रम कैंसिल कर दिया है। सांसद की मौत की खबर मिलते ही बीजेपी नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई। आज होने वाले बीजेपी संसदीय दल की बैठक को रद्द कर दिया गया। वहीं दोपहर 12 बजे पार्टी मुख्यालय पर दूसरे दल के एक नेता का ज्वाइनिंग कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया।
लोकसभा में दिवंगत सांसद को दी गई श्रद्धांजलि
सदन की बैठक शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हिमाचल प्रदेश के मंडी से वर्तमान सदस्य रामस्वरूप शर्मा और हरियाणा से पूर्व सदस्य मनोहर लाल सैनी के निधन की सूचना दी। बीजेपी सांसद राम स्वरूप शर्मा का बुधवार को निधन हो गया। वह 62 वर्ष के थे। वह सोलहवीं लोकसभा के भी सदस्य रहे थे। मौजूदा लोकसभा में वह विदेश मामलों संबंधी स्थायी समिति के सदस्य थे।
मनोहर लाल सैनी छठी और सातवीं लोकसभा के सदस्य थे। उनका निधन आठ मार्च 2021 को दिल्ली में हो गया। वह 81 वर्ष के थे। शर्मा और सैनी के सम्मान में सदस्यों ने कुछ पल का मौन रखा और उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद बैठक को दोपहर एक बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



