मायावती की गरीबों के लिए फ्री टीकाकरण की अपील, कहा- पीएम की मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक स्वागतयोग्य

Summary :

बसपा की अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने गरीबों, मेहनतकश लोगों और मध्यमवर्गीय परिवारों को कोरोना वायरस संक्रमण रोधी टीके निशुल्क में लगवाए जाने की अपील दोहराई है ।

बसपा  की अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने गरीबों, मेहनतकश लोगों और मध्यमवर्गीय परिवारों को कोरोना वायरस संक्रमण रोधी टीके निशुल्क में लगवाए जाने की अपील दोहराई है ।

मायावती ने बुधवार को दो सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण के प्रकोप के दोबारा बढ़ने के खतरे के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आज सभी मुख्यमंत्रियों की बुलाई गई बैठक सही और स्वागतयोग्य है और टीकाकरण अभियान को केन्द्र और राज्य सरकारें तेज व सुगम बनाएं तो बेहतर होगा।

उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर तबकों के लिए निशुल्क टीकाकरण की अपील दोहराते हुए ट्वीट में कहा “कोरोना प्रकोप के कारण देश की आमजनता को होने वाली विभिन्न प्रकार की मुश्किलों व परेशानियों को देखते हुए केन्द्र और राज्य सरकारों से खासकर गरीबों, मेहनतकश लोगों तथा मध्यमवर्गीय परिवारों को मुफ्त में कोरोना टीके की व्यवस्था करने की पुनः बीएसपी की अपील।”
गौरतलब है कि देश में संक्रमण के मामले हाल में तेजी से बढ़े हैं, जिसे देखते हुए प्रधानमंत्री ने बुधवार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई है। बता दें कि भारत में कोविड-19 के एक दिन में 28,903 नए मामले सामने आने के बाद देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,14,38,734 हो गई। इस साल एक दिन में सामने आए यह सर्वाधिक मामले हैं। आंकड़ों के अनुसार, इससे पहले 13 दिसम्बर को 24 घंटे में वायरस के 30,254 नए मामले सामने आए थे।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में वायरस से 188 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,59,044 हो गई। आंकड़ों के अनुसार, देश में लगातार सातंवे दिन वायरस के नए मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई और उसके साथ ही उपाचाराधीन मरीजों की संख्या भी बढ़कर 2,34,406 हो गई ,जो कुल मामलों का 2.05 प्रतिशत है।

Desk Team