जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के एक और आतंकवादी को कोलकाता के पास बारासात में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि लालू सेन उर्फ राहुल सेन या राहुल कुमार को पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने उत्तर 24 परगना जिले के बारासात नगर निगम स्थित उसके घर से बुधवार रात गिरफ्तार किया।
ऐसा माना जा रहा है कि यह दक्षिण कोलकाता से रविवार को गिरफ्तार किए गए जेएमबी के तीन आतंकवादियों का करीबी है। अधिकारी ने कहा, ‘‘ दो लैपटॉप, एक आईपैड, दो मोबाइल फोन और कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज उसके पास से बरामद हुए हैं। यह नजीउर रहमान उर्फ जयराम ब्यापारी का करीबी है।’’ इसने जेएमबी के आतंकवादियों की मदद की और उन्हें साजो-सामान मुहैया कराए तथा वित्तीय सहायता भी की।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ वह ‘हुंडी’ के जरिए आतंकवादी संगठन की वित्तीय मदद करता था।’’ उन्होंने बताया कि वह पहचान पत्र, पैन कार्ड और आधार कार्ड जैसे कई नकली दस्तावेज बनाने के काम में भी लिप्त था। गौरतलब है कि कोलकाता पुलिस की एसटीएफ ने जेएमबी के आतंकवादी नजीउर रहमान उर्फ जयराम ब्यापारी, रबीउल इस्लाम और साबिर को दक्षिण कोलकाता के हरिदेवपुर क्षेत्र से रविवार को गिरफ्तार किया था।


Download Android App
Download iOS App



