देश के सबसे अमीर उद्योगपतियों की लिस्ट में शामिल मुकेश अंबानी के मुंबई स्थित घर एंटीलिया के बाहर मिली विस्फोटक वाली कार और कारोबारी मनसुख हिरेन की हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए पुलिस अधिकारी सचिन वाझे की गुत्थी दिन-प्रतिदिन और उलझती जा रही है। मिस्ट्री वुमन के बाद अब एंटीलिया केस में एक और मर्सिडीज कार की एंट्री हो गई है और शुक्रवार को इस मामले की जांच कर रही नेशनल इन्वेस्टिगेटिंग एजेंसी (एनआईए) की टीम दफ्तर पर सफेद रंग की एक मर्सिडीज कार को भी लाई। माना जा रहा है कि मर्सिडीज का लाया जाना इस जांच का ही हिस्सा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शुक्रवार को एनआईए दफ्तर पर सफेद रंग की एक मर्सिडीज कार को भी लाया गया। हालांकि, यह गाड़ी किसकी है और इसका इस केस से क्या संबंध है, इसे लेकर अभी तक कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। मगर ऐसा माना जा रहा है कि एंटीलिया केस की जांच में यह एक अहम कड़ी साबित हो सकता है। बता दें कि सचिन वाझे और उसकी सहयोगी मिस्ट्री वुमन एनआईए की हिरासत में है।
इससे पहले गुरुवार को एनआईए ने गुरुवार शाम को उस महिला को हिरासत में ले लिया, जो 16 फरवरी को साउथ मुंबई स्थित एक होटल में सचिन वाझे के साथ दिखी थी। दरअसल, एनआईए मुकेश अंबानी के घर के पास से बरामद एसयूवी और मनसुख हिरेन की मौत के मामले में गुरुवार को दक्षिण मुंबई के एक होटल और एक क्लब की तलाशी ली। इसके अलावा, एजेंसी ने ठाणे के एक फ्लैट में भी तलाशी अभियान चलाया, जहां से उस महिला को हिरासत में लिया गया। बताया जाता है कि यह महिला मुख्य आरोपी सचिन वाझे की करीबी सहयोगी है, जिसे हिरासत में ले लिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



