वाजपेयी के निधन पर श्रद्धांजलि प्रस्ताव का विरोध करने वाला पार्षद गिरफ्तार

Summary :

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने के लिए नगर निगम की तरफ से लाए गए प्रस्ताव का विरोध करने पर एआईएमआईएम के एक पार्षद को गिरफ्तार

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने के लिए नगर निगम की तरफ से लाए गए प्रस्ताव का विरोध करने पर एआईएमआईएम के एक पार्षद को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने एआईएमआईएम के पार्षद के साथ मारपीट के आरोप में भाजपा के पांच पार्षदों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया किया है, जिसमें नगर के उप महापौर भी शामिल हैं। मध्य महाराष्ट्र के औरंगाबाद में नगर निकाय की एक बैठक के दौरान पार्षद की कथित पिटाई की गई थी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि औरंगाबाद नगर निगम (एएमसी) में एआईएमआईएम के पार्षद सैयद मतीन सैयद राशिद को कल रात गिरफ्तार किया गया।

जानिये नमिता और निहारिका के बारे में जिन्होंने अंत समय तक अटल बिहारी वाजपेयी जी की देखभाल की

उन्होंने कहा कि एएमसी के सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर पार्षद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कहा कि राशिद पर भादंसं की धारा 153 ए (विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने), 153 (दंगा भड़काने के इरादे से जानबूझकर उकसाना) और 294 (सार्वजनिक तौर पर अश्लील हरकत करना) के तहत सिटी चौक थाने में मामला दर्ज किया गया है।

वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने का विरोध करने पर कल भाजपा पार्षदों ने 32 वर्षीय राशिद की कथित तौर पर पिटाई की थी।

गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री का 16 अगस्त को नयी दिल्ली में निधन हो गया था। एक अधिकारी ने बताया कि कथित घटना नगर निकाय की आम सभा की बैठक के दौरान हुई जहां भाजपा-शिवसेना गठबंधन की सत्ता है।

अटल जी की दुर्लभ तस्वीरें जो आपने कहीं नहीं देखी होंगी, उनके जीवन की अनमोल झलकियाँ !

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पार्षद राजू वैद्य ने वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने का प्रस्ताव रखा। राशिद ने इसका विरोध किया जिसके बाद भाजपा पार्षदों ने उसकी पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया जिसे कुछ टीवी चैनलों ने भी प्रसारित किया।

नगर निकाय के एक अधिकारी ने कहा कि एएमसी की आम सभा ने बाद में राशिद की सदस्यता रद्द करने का प्रस्ताव पारित किया। बैठक में हंगामा होने के तुरंत बाद उप महापौर विजय साईनाथ औताडे ने एएमसी के सुरक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि दो समुदायों के बीच शत्रुता पैदा करने का प्रयास करने के आरोप में एआईएमआईएम पार्षद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएं।

कबाब और झींगे के मुरीद वाजपेयी खाने के थे बेहद शौकीन

पुलिस ने बताया कि राशिद की शिकायत पर भाजपा के पांच पार्षदों के खिलाफ आज मामला दर्ज किया गया। उनमें से किसी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि एएमसी भवन के बाहर एक कार में तोड़फोड़ करने और हंगामा करने को लेकर पुलिस करीब एक दर्जन लोगों की तलाश कर रही है।

Desk Team