असम: सोशल मीडिया पर तालिबान का समर्थन करने के मामले में 14 लोग गिरफ्तार

Summary :

अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे का सोशल मीडिया पर कथित तौर पर समर्थन करने के मामले में असम में 14 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

अफगानिस्तान में तालिबान के भयावह शासन से सब रूबरू है, ऐसे में उसके राज में कोई कैसे आजाद होकर रह सकता है। अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे का सोशल मीडिया पर कथित तौर पर समर्थन करने के मामले में असम में 14 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये गिरफ्तारी शुक्रवार रात से की गई और इन पर गैरकानूनी गतिविधि (निरोधक) अधिनियम, आईटी अधिनियम और सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया। अधिकारी ने कहा, ‘‘हम सतर्क हैं और आपत्तिजनक पोस्ट के लिए सोशल मीडिया पर निगरानी कर रहे हैं।’’ कामरूप मेट्रोपोलिटन, बारपेटा, धुबरी और करीमगंज जिलों से दो-दो लोगों की गिरफ्तारी हुई।
वहीं दरांग, काचर, हैलाकांडी, दक्षिण सलमारा, गोलपारा और होजाई जिलों से एक-एक व्यक्ति की गिरफ़्तारी हुई। उप महानिरीक्षक वायलेट बरुआ ने कहा कि असम पुलिस सोशल मीडिया पर तालिबान के समर्थन में टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ हम इस तरह के लोगों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज कर रहे हैं। अगर आपकी नजर में कोई ऐसी चीज आती है तो कृपया पुलिस से संपर्क करें।’’

Desk Team