असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, 45,000 से अधिक लोग चपेट में, 108 गांवों में भरा पानी

Summary :

असम के नलबाड़ी जिले में बाढ़ से स्थिति खराब हो गई है क्योंकि निचले असम जिले के 6 राजस्व क्षेत्रों के तहत लगभग 45,000 लोग और 108 गांव वर्तमान में पानी में डूबे हुए है।

असम के नलबाड़ी जिले में बाढ़ से स्थिति खराब हो गई है क्योंकि निचले असम जिले के 6  क्षेत्रों के लगभग 45,000 लोग और 108 गांव वर्तमान में पानी में डूबे हुए है। इस बाढ़ से मोइरारंगा और बटाहघिला गांव के लगभग 200 परिवार प्रभावित हुए हैं और अधिकांश परिवार अब सड़कों और तटबंधों पर अस्थायी तंबू बनाकर शरण ले रहे हैं।
घर छोड़ शिविरों में रहने को मजबूर लोग
असम और पड़ोसी देश भूटान में पिछले कुछ दिनों में हुई मूसलाधार बारिश के बाद पगलादिया नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है और पिछले 24 घंटों में नए इलाकों में पानी भर गया है। बाढ़ के पानी ने जिले के घोगरापार, तिहू, बरभाग और धमधामा क्षेत्रों के लगभग 90 गांवों को जलमग्न कर दिया है और कई ग्रामीणों को अपने घरों को छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है और बाढ़ का पानी उनके घरों में घुसने के बाद अस्थायी तंबू बनाकर सड़कों, ऊंची जमीनों पर शरण लेनी पड़ी है। .
लोगों की संपत्तियों को हुआ भारी नुकसान
बाढ़ का पानी घर में घुसने के बाद कई परिवार अब तटबंध पर रहने को मजबूर है।   बाढ़ का पानी घुसने के बाद  घर की कई संपत्तियाँ क्षतिग्रस्त हो गई हैं।  घर के अंदर अब घुटनों तक पानी है। जल स्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है, लोगों  को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा  हैं।
सर्वजानिक संपत्तियां हुई  क्षतिग्रस्त
बाढ़ के पानी से जिले की लगभग 310 हेक्टेयर फसल जलमग्न हो गई। पिछले 24 घंटों में बाढ़ के पानी ने जिले में दो तटबंध, 15 सड़कें, दो पुल, पुलिया और कृषि बांध को क्षतिग्रस्त कर दिया है। इससे पहले असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के मुताबिक, असम, अन्य पड़ोसी राज्यों और पड़ोसी देश भूटान में मूसलाधार बारिश के बाद कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है और नए इलाकों में बाढ़ आ गई है।

Desk Team