असम में शनिवार सुबह एक के बाद एक भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इनकी तीव्रता 3.6 और 2.8 दर्ज की गई। यह जानकारी एक आधिकारिक बुलेटिन में दी गई। बुलेटिन के मुताबिक, भूकंप से जानमाल के नुकसान की फिलहाल कोई सूचना नहीं है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन में कहा गया है कि 3.6 तीव्रता का पहला भूकंप सुबह नौ बजकर तीन मिनट पर आया, जिसका केंद्र ब्रह्मपुत्र नदी के दक्षिणी किनारे पर जोरहाट जिले के टीटाबार के पास 50 किलोमीटर की गहराई में था।
बुलेटिन के अनुसार, पड़ोसी शिवसागर, कार्बी आंगलोंग और गोलाघाट जिलों में भी लोगों ने इस भूकंप के झटके महसूस किए। ब्रह्मपुत्र के उत्तरी तट पर स्थित लखीमपुर में भी झटके महसूस किए गए। बुलेटिन में कहा गया है कि भूकंप के झटके नगालैंड के उत्तर-पश्चिमी हिस्से के कई क्षेत्रों में भी महसूस किए गए। बुलेटिन के मुताबिक, 2.8 तीव्रता का दूसरा भूकंप पूर्वाह्न 11 बजकर दो मिनट पर आया, जिसका केंद्र ब्रह्मपुत्र के उत्तरी तट पर डारंग जिले के डलगांव के पास 9 किलोमीटर की गहराई में था।
बुलेटिन में कहा गया है कि इस भूकंप के झटके उदलगुरी, बक्सा और सोनितपुर जिलों के अलावा ब्रह्मपुत्र नदी के दक्षिणी तट पर स्थित मोरीगांव में भी महसूस किए गए। भारत का पूर्वोत्तर हिस्सा भूकंप के प्रति बेहद संवेदनशील क्षेत्र में पड़ता है। इस क्षेत्र में अक्सर भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं।


Download Android App
Download iOS App



