विधानसभा चुनाव : पश्चिम बंगाल में चौथे चरण का मतदान समाप्त, शाम छह बजे तक 76.16 प्रतिशत हुआ मतदान

Summary :

पश्चिम बंगाल में चौथे चरण में पांच जिलों के 44 विधानसभा सीटों पर शनिवार शाम छह बजे तक 76.16 प्रतिशत मतदान हुआ।

पश्चिम बंगाल में चौथे चरण में पांच जिलों के 44 विधानसभा सीटों पर शनिवार शाम छह बजे तक 76.16 प्रतिशत मतदान हुआ। यह जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा 79.73 प्रतिशत मततदान कूचबिहार जिले में हुआ, जबकि हुगली जिले में 76.2 फीसदी मतदान हुआ।
उन्होंने कहा कि दक्षिण 24 परगना जिले में 75.49 प्रतिशत वोटिंग हुई, जबकि हावड़ा में 75.03 प्रतिशत और अलीपुरदुआर में 73.65 प्रतिशत वोट पड़े। हावड़ा के नौ, दक्षिण 24 परगना जिले के 11, अलीपुरदुआर के पांच, कूचबिहार के नौ और हुगली जिले के दस विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से शाम साढ़े छह बजे तक चुनाव हुए।
सीआईओ कार्यालय की तरफ से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक पश्चिम बंगाल में प्रथम चरण में 84.13 प्रतिशत, दूसरे चरण में 86.11 फीसदी और तीसरे चरण में 84.61 प्रतिशत मतदान हुआ था। राज्य में मतगणना दो मई को होगी।

Desk Team