तमिलनाडु भाजपा के राज्य उपाध्यक्ष एन. नागेंद्रन ने शुक्रवार को तिरूनेलवेली विधानसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल कर हलचल मचा दी। दरअसल, पार्टी ने अभी तक उम्मीदवारों की सूची आधिकारिक तौर पर जारी नहीं की है। अन्नाद्रमुक कैबिनेट में मंत्री रह चुके नागेंद्रन 2017 में भाजपा में शामिल हुए थे। वह 2001 से 2006 और 2011 से 2016 तक दो बार तिरूनेलवेली विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और दो बार इस सीट से चुनाव हार भी चुके हैं।
उनका यह अचानक कदम ऐसे समय में आया है जब भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य के पार्टी प्रमुख एल. मुरुगन के नेतृत्व में आज नयी दिल्ली रवाना हुआ जहां वह पार्टी आलाकमान के साथ विचार-विमर्श करेगा और 20 विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देगा।
भाजपा, अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन में यह चुनाव लड़ रही है। नागेंद्रन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने नामांकन पत्र दाखिल कर दिया क्योंकि आज शुभ दिन है।’’ वह पांचवीं बार यहां से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने के पहले दिन ही उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
चुनाव आयोग के कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत उनके साथ केवल एक व्यक्ति मौजूद था। भाजपा के कुछ स्थानीय नेताओं को उनके इस कदम की जानकारी थी। भाजपा के राज्य सचिव केटी राघवन ने कहा, ‘‘पार्टी के नेता जानते हैं कि वह आज नामांकन दाखिल करेंगे। इसलिए यह गोपनीय या आश्चर्यजनक नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि नागेंद्रन उन संभावित उम्मीदवारों में शामिल हैं जिनकी भाजपा ने पहचान की है। राघवन ने कहा, ‘‘भाजपा जल्द ही उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेगी।’’


Download Android App
Download iOS App



