मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक दिन पहले हुई हत्या के मामले की हाई कोर्ट की निगरानी में जांच कराने की रविवार को मांग की। पुलिसकर्मी जब अतीक और अशरफ को अनिवार्य जांच के लिए प्रयागराज के एक मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, तब पत्रकारों के रूप में आये तीन लोगों ने शनिवार रात मीडिया से बातचीत के दौरान दोनों भाइयों की गाली मारकर हत्या कर दी। कमलनाथ ने रविवार को कहा, उत्तर प्रदेश और देश में किस तरह की राजनीति हो रही है? एक दिन कोई मारा जाता है तो दूसरे दिन कोई और। यह समाज को सोचना है कि उत्तर प्रदेश और देश किस दिशा में जा रहा है। उच्चतम न्यायालय को इसका संज्ञान लेना चाहिए और जांच का आदेश देना चाहिए।

बीजेपी नेता ने किया पलटवार
इस बीच, मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने नाथ पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता को अतीक बंधुओं की मौत के बजाय उन लोगों पर दुख व्यक्त करना चाहिए, जिन्हें अतीक अहमद ने मार डाला। सलूजा ने कहा, अतीक 100 से अधिक आपराधिक मामलों का आरोपी था। शर्मनाक है कि नाथ एक ऐसे व्यक्ति की हत्या की जांच की मांग कर रहे हैं, जिसने कई लोगों की हत्याएं की और कई परिवारों को नष्ट कर दिया। नाथ तुष्टीकरण की राजनीति के लिए एक माफिया का पक्ष ले रहे हैं।



Download Android App
Download iOS App



