पश्चिम बंगाल में इस समय चौथे चरण के लिए मतदान जारी है। राज्य में चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से सुनिश्चित हो इसके लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। बावजूद राज्य में चुनाव के दौरान हिंसा की खबरें सामने आ रही है। हुगली में बीजेपी नेता लॉकेट चटर्जी के काफिल पर हमला हुआ है। वहीं कई मीडिया वाहनों के साथ भी तोड़फोड़ को अंजाम दिया गया है।
बीजेपी नेता लॉकेट चटर्जी ने हमले की शिकायत चुनाव आयोग से की है। उन्होंने पत्रकारों के सामने फोन पर ही चुनाव आयोग से कहा, ‘ हुगली में पोलिंग बूथ संख्या 66 पर उन पर स्थानीय लोगों ने हमला किया। पत्रकारों को भी पीटा गया है और उनकी गाडि़यों को भी नुकसान पहुंचाया गया है।’ उन्होंने चुनाव आयोग से अतिरिक्त बलों को भेजने की मांग की।

बताया जा रहा है कि लॉकेट चटर्जी जैसे ही 66 नंबर बूथ पहुंचीं, तो उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी समर्थक वोटिंग मेंधांधली कर रहे हैं। इसके बाद वह जैसे ही बूथ से बाहर निकलीं, स्थानीय लोगों ने, जिसे टीएमसी समर्थक बताया जा रहा है, ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और उनके काफिले पर हमला क दिया। हालांकि, बलों की मौजूदगी की वजह से कोई अप्रिय घटना नहीं घटी।
बंगाल में विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में 44 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। हावड़ा जिले में नौ सीटों, दक्षिण 24 परगना में 11, अलीपुरद्वार में पांच, कूचबिहार में नौ और हुगली में 10 सीटों पर कोविड-19 संबंधी नियमों का सख्ती से पालन करते हुए मतदान हो रहा है।
15,940 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 789 टुकड़ियां तैनात की गई है। सीपीएफ की सबसे अधिक 187 टुकड़ियों की तैनाती कूचबिहार में की गई है जहां चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष पर हमले समेत हिंसा की छिटपुट घटनाएं देखी गई। केंद्रीय बलों की सहायता के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर राज्य पुलिस बल की भी तैनात की गई है।


Download Android App
Download iOS App



