मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान बारिश होने पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने गृह राज्य महाराष्ट्र में हालिया चुनाव परिणामों की पृष्ठभूमि में भाजपा के राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधा। उपनगरीय विले पार्ले में शुक्रवार शाम को एक कार्यक्रम में मंत्री का खुले मंच पर साक्षात्कार हो रहा था। उसी दौरान बारिश शुरू हो गयी।
गडकरी और साक्षात्कार लेने वाले के लिए दो व्यक्ति छाते पकड़े खड़े रहे। इसी दौरान गडकरी ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘‘जब आप बारिश में भीग जाते हैं, तो आपका भविष्य अच्छा होता है… पत्रकार ऐसा कहते हैं।’’ उनके इस बयान पर दर्शकों में हंसी की एक एक लहर दौड़ गयी। मंत्री भी अपनी टिप्पणी पर हंसते दिखे।
गडकरी की टिप्पणी राकांपा प्रमुख शरद पवार की सातारा में 21 अक्टूबर को हुयी चुनावी रैली के संदर्भ में थी जो लोकसभा उपचुनाव के लिए आयोजित की गयी थी। उस रैली के दौरान बारिश होने लगी थी। बारिश में भीगते हुए 79 वर्षीय पवार का एक वीडियो और तस्वीरें वायरल हो गई थीं।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों को लगता है कि पवार इस हावभाव से एक राजनीतिक संदेश भेजने में सफल रहे और उपचुनाव में राकांपा के उम्मीदवार ने अपने भाजपा प्रतिद्वंद्वी उदयनराजे भोसले को हराया था। कुल मिलाकर, महाराष्ट्र विधानसभा में राकंपा को 2014 के मुकाबले 13 सीटें ज्यादा मिलीं। उसे कुल 54 सीटों पर कामयाबी मिली।


Download Android App
Download iOS App



