महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे ने फ्लोर टेस्ट से एक शाम पहले ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसपर महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता बालासाहेब थोराट ने कहा कि उद्धव ठाकरे को फ्लोर टेस्ट का सामना करना चाहिए था। हमारे सभी विधायक आज विश्वास मत के लिए मौजूद थे।
बालासाहेब थोराट ने गुरुवार को कहा, मुझे लगता है कि उन्हें (उद्धव ठाकरे) विश्वास मत का सामना करना चाहिए था लेकिन उन्होंने कैबिनेट बैठक के अंत में ही अपना विदाई भाषण दिया। उद्धव जी सरल स्वभाव के संवेदनशील व्यक्ति हैं। उन्हें कुछ चीजें पसंद नहीं आईं, इसलिए उन्होंने इस्तीफा दिया।
औरंगाबाद का नाम बदले जाने पर कांग्रेस में कोई विवाद नहीं
उन्होंने कहा कि हमारे सभी विधायक आज विश्वास मत के लिए उपस्थित थे, लेकिन अब अगली रणनीति पर आज की बैठक में (महाराष्ट्र विधान भवन में) चर्चा होगी… । इसके साथ ही औरंगाबाद का नाम बदले जाने पर कांग्रेस नेता ने कहा कि औरंगाबाद का नाम संभाजीनगर करने को लेकर कांग्रेस में कोई विवाद नहीं है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य विधानसभा में शक्ति परीक्षण से एक दिन पहले बुधवार शाम को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद ही बीजेपी के कई विधायक और वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मुंबई स्थित आवास पर एकत्रित हुए और महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार के गिरने पर एक-दूसरे को बधाई दी।
‘ये तो सिर्फ अभी झांकी है, मुंबई महापालिका अभी बाकी है’, उद्धव के इस्तीफे पर BJP का Tweet
इस्तीफे पर उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘‘मैं यह खेल नहीं खेलना चाहता। शिवसेना प्रमुख (बाला साहेब ठाकरे) की वजह से राजनीतिक रूप से आगे बढ़े लोगों को अगर इस बात से खुशी मिलती है कि उन्होंने उनके (बाला साहेब) बेटे को मुख्यमंत्री पद से हटा दिया, तो यह मेरी गलती है कि मैंने उन पर विश्वास किया।’’


Download Android App
Download iOS App



