पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना में शुक्रवार को सुबह चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा के एक प्रत्याशी और उनके समर्थकों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। पुलिस ने बताया कि भाजपा के डायमंड हार्बर के प्रत्याशी दीपक हालदार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हरिदेबपुर इलाके में प्रचार कर रहे थे।
उसी दौरान उनके समर्थक कुछ लोगों के साथ बहस में उलझ गए। उन्होंने बताया कि बहस के दौरान, हालदार और उनके समर्थकों को डंडों से कथित तौर पर पीटा गया। चुनाव से पहले टीएमसी छोड़ भाजपा में शामिल हुए हालदार को हमले के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “उन्होंने सीने में दर्द और अन्य समस्याएं बताईं। डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।” उन्होंने बताया कि हालदार के घायल समर्थकों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि हमले के संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
भाजपा ने आरोप लगाया कि इस हमले के लिए टीएमसी जिम्मेदार है। टीएमसी ने आरोप का खंडन किया है। टीएमसी ने दावा किया कि भाजपा प्रत्याशी पर हमला आपसी झगड़े का नतीजा है क्योंकि पार्टी के पुराने लोग हालदार की उम्मीदवारी से नाखुश हैं।
हमले के बाद, भाजपा समर्थकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 177 को अवरुद्ध कर दिया था लेकिन पुलिस ने तत्काल उन्हें वहां से हटा दिया। डायमंड हार्बर टीएमसी सांसद एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की लोकसभा सीट भी है।


Download Android App
Download iOS App



