Bengaluru Triple Murder Case: बेंगलुरु से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती पर अपने माता-पिता और छोटी बहन की हत्या ( Daughter Kills Parents) करने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार इस वारदात में युवती का लिव-इन पार्टनर भी उसके साथ शामिल था। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। यह घटना केआर पुरम ( KR Puram Murder) इलाके के सीगेहल्ली स्थित साई ग्रीन अपार्टमेंट की है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक परिवार के तीन सदस्य मृत पाए गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने 55 वर्षीय सोमसुंदर, उनकी पत्नी मुथुलक्ष्मी (48) और छोटी बेटी सुप्रिया (20) के शव बरामद किए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि तीनों की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई थी। घटनास्थल की हालत देखकर पुलिस ने इसे बेहद क्रूर हत्याकांड बताया है।
Bengaluru Triple Murder: बड़ी बेटी और उसके पार्टनर पर शक

पुलिस जांच में परिवार की बड़ी बेटी श्वेता और उसके लिव-इन पार्टनर केनेथ का नाम सामने आया है। दोनों घटना के बाद से गायब हैं। पुलिस का मानना है कि हत्या के पीछे इन्हीं दोनों का हाथ हो सकता है। दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक श्वेता के माता-पिता उसके लिव-इन रिलेशनशिप से खुश नहीं थे। इस बात को लेकर घर में अक्सर बहस और विवाद होता रहता था। इसके अलावा श्वेता पर करीब 30 लाख रुपये का कर्ज भी बताया जा रहा है। परिवार के लोग उससे इस कर्ज के बारे में सवाल करते थे, जिससे तनाव और बढ़ गया था। पुलिस को शक है कि यही कारण इस हत्याकांड की वजह बने।
Shweta Kenneth Murder: ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम

जांच के अनुसार, सोमवार को श्वेता और केनेथ घर पहुंचे। उस समय घर में केवल मां मुथुलक्ष्मी मौजूद थीं। किसी बात को लेकर बहस हुई, जिसके बाद उन पर हमला कर दिया गया। इसके बाद जब छोटी बहन सुप्रिया घर लौटी तो उसे भी नहीं छोड़ा गया। पुलिस के अनुसार उस पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
कुछ समय बाद पिता सोमसुंदर घर पहुंचे। उन पर भी हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने घर से बाहर निकलकर मदद मांगने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
Family Murder Case: पुलिस कर रही है गहन जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जांच अधिकारियों का मानना है कि यह हत्या पहले से बनाई गई योजना के तहत की गई हो सकती है। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, हालांकि उसकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में डर और सदमे का माहौल है। पड़ोसी और स्थानीय लोग इस हत्याकांड से हैरान हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App




