CM बघेल की केंद्र से मांग, कहा-छत्तीसगढ़ के उद्योगपतियों का CSR का पैसा वापस करे सरकार

Summary :

भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा है कि पीएम केयर्स फंड में छत्तीसगढ़ के उद्योगपतियों ने कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत पैसे दिए हैं।

कोरोना संकट के बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को केंद्र सरकार से आग्रह करते हुए राज्य के उद्योगपतियों द्वारा ‘पीएम केयर्स’ फंड में दिए गए कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के पैसे को वापस लौटाए जाने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि देश को पीएम केयर्स फंड में आए पैसे के बारे में जानने का अधिकार है।
मुख्यमंत्री बघेल ने हाल ही में मुख्यमंत्री राहत कोष में आई सहयोग राशि का लेखा-जोखा सार्वजनिक किया था। उनके मुताबिक उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा है कि पीएम केयर्स फंड में छत्तीसगढ़ के उद्योगपतियों ने कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत पैसे दिए हैं। 
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने प्रधानमंत्री को बताया कि यह पैसा छत्तीसगढ़ का है। यह हमारा है। हमारे राज्य की जनता का पैसा है। यह पैसा हमें दीजिए ताकि हम अपने लोगों के कल्याण के लिए फैसले कर सकें।’’ गौरतलब है कि पीएम केयर्स फंड ट्रस्ट ने बुधवार को कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई के लिए 3,100 करोड़ रूपये आवंटित करने का निर्णय लिया। 
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि पीएम केयर्स फंड से आवंटित किए गए 3,100 करोड़ रूपये में से करीब 2000 करोड़ रूपये वेंटिलेटर की खरीद और 1000 करोड़ रूपये प्रवासी मजदूरों के लिए निर्धारित किये गये हैं।

Desk Team