छत्तीसगढ़ विधानसभा में राज्य सरकार ने दुर्ग जिले में स्थित एक निजी चिकित्सा महाविद्यालय के अधिग्रहण के लिए बुधवार को विधेयक पेश किया। राज्य के मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने इस विधेयक का विरोध किया है।
विधानसभा में आज स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने छत्तीसगढ़ चंदूलाल चंद्राकर स्मृति महाविद्यालय दुर्ग (अधिग्रहण) विधेयक 2021 पेश किया। विधेयक के अनुसार दुर्ग जिले के कचांदूर में स्थित संबंधित चिकित्सा महाविद्यालय का नियंत्रण सरकार को सौंपा जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार अस्पताल प्रबंधन को राशि का भुगतान करेगी।
विधेयक में कहा गया है कि राज्य सरकार राशि की गणना के लिए विशेष अधिकारी की नियुक्ति करेगी। विशेष अधिकारी चल और अचल संपत्ति का मूल्यांकन करेगा। प्रस्तुत विधेयक के अनुसार अधिग्रहण की अनिवार्यता को दृष्टिगत रखते हुए भुगतान योग्य राशि निर्धारित की गई वास्तविक मूल्यांकन राशि की दो गुना होगी।
प्रस्तुत विधेयक में कहा गया है कि इस चिकित्सा महाविद्यालय की समस्त संपत्तियां सभी अधिभार से मुक्त होकर सरकार में निहित होंगी और देयता के लिए सरकार द्वारा कोई भुगतान नहीं होगा। विधेयक के अनुसार चिकित्सा महाविद्यालय के अधिग्रहण के बाद महाविद्यालय के कर्मचारी सरकार की सेवा में रहने का दावा नहीं कर सकेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस महाविद्यालय का अधिग्रहण करने से राज्य शासन पर प्रतिवर्ष लगभग 140 करोड़ रुपये का वित्तीय भार आएगा। इससे पहले, मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी के विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने इस विधेयक का विरोध किया और कहा कि यह जनता के हित में नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



