छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में तीन इनामी नक्सली समेत कुल 33 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सुकमा जिले के पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने बताया कि जिले के डब्बामरका पुलिस शिविर में जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को 33 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में से तीन नक्सलियों के सिर पर एक-एक लाख रूपए का इनाम है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नक्सलियों ने माओवादी नेताओं के भेदभावपूर्ण व्यवहार से तंग आकर हिंसा का मार्ग छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का फैसला किया है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली किस्टाराम क्षेत्र में कई नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं। शर्मा ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में से दंडाकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संघ के अध्यक्ष दिरदो मुडा, चेतना नाट्य मंच के अध्यक्ष हिड़मा और मिलिशिया कमांडर वंजाम हिड़मा के सिर पर एक-एक लाख रुपए का इनाम है।


Download Android App
Download iOS App



