ओडिशा में चुनावी हिंसा के लिए बीजद, भाजपा व कांग्रेस ने एक दूसरे पर लगाए आरोप

Summary :

ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल, विपक्षी भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने राज्य में पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान एक दिन पहले हुई हिंसा के लिए बृहस्पतिवार को एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया।

ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल, विपक्षी भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने राज्य में पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान एक दिन पहले हुई हिंसा के लिए बृहस्पतिवार को एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया।
हिंसा में करीब 50 लोग हुए घायल
राज्य के विभिन्न हिस्सों से मतपेटी छीनने, मतदान केंद्रों पर कब्जा और तोड़फोड़ की कई घटनाएं हुयीं और हिंसा में करीब 50 लोग घायल हुए थे।
18, 20, 22 और 24 फरवरी को शेष चार चरणों के मतदान में ऐसी घटनाओं से सख्ती से निपटा जाएगा
राज्य चुनाव आयुक्त एपी पाधी ने मुख्य सचिव एस. सी. महापात्र और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एस. के. बंसल के साथ तत्काल बैठक बुलाई। बैठक के बाद बंसल ने कहा कि 18, 20, 22 और 24 फरवरी को शेष चार चरणों के मतदान में ऐसी घटनाओं से सख्ती से निपटा जाएगा।
बुधवार को कम से कम 25 मतदान केंद्रों पर मतदान बाधित हुआ। एक जगह मीडियाकर्मियों पर भी हमला हुआ और उनके उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर दिया। डीजीपी ने कहा कि हिंसा में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है।
बुधवार को मतदान के दौरान हुई हिंसा को लेकर बीजद, भाजपा और कांग्रेस ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। राज्य भाजपा अध्यक्ष समीर मोहंती ने हिंसक घटनाओं के लिए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को जिम्मेदार ठहराया जो गृह विभाग के प्रभारी भी हैं।
दूसरी ओर, बीजद सांसद और पार्टी प्रवक्ता सस्मित पात्रा ने घटनाओं के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत चुनावों में हार महसूस करने के बाद भाजपा हिंसा में लिप्त थी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक सुरेश राउत्रे ने हिंसा के लिए बीजद और भाजपा दोनों को जिम्मेदार ठहराया।

Shera Rajput