केन्द्रीय मंत्री कपिल पाटिल ने महाराष्ट्र की महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार पर राज्य में मादक पदार्थों के मामलों और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर निशाना साधा। एमवीए में शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस शामिल हैं। ठाणे जिले के बदलापुर रेलवे स्टेशन पर एक ‘एस्केलेटर’ और दो ‘फुटओवर ब्रिज’ का उद्घाटन करने के बाद बुधवार को पाटिल ने पत्रकारों से कहा कि सत्तारूढ़ सरकार राज्य की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय अपनी कुर्सी बचाने के बारे में अधिक चिंतित है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भिवंडी से लोकसभा सदस्य ने कहा, ‘‘सरकार को पहले इन मामलों को हल करना चाहिए।’’ गौरतबल है कि हाल में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने मुंबई के तट से एक क्रूज़ पोत से प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त किए जाने के मामले में अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान सहित 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस के मादक पदार्थ रोधी प्रकोष्ठ (एएनसी) ने भी इस सप्ताह की शुरुआत में दो मादक तस्करों को गिरफ्तार किया था और उनके पास से 15 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त की थी।


Download Android App
Download iOS App



