मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री जीतू पटवारी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके नेताओं पर किसान आंदोलन के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि यदि वे चाहें तो केंद्र में सत्तारूढ़ अपने ही दल की पार्टी से राज्य को राहत राशि दिलवाने में मदद कर सकते हैं।
जीतू पटवारी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के अन्य नेताओं ने पंद्रह साल तक सत्ता में रहने के दौरान राज्य के किसानों के लिए कुछ नहीं किया और अब विपक्ष में आने पर किसानों के नाम राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता केंद्र से इस राज्य को राहत राशि जानबूझकर नहीं दिलवा रहे हैं, ताकि इस राज्य के किसानों को राहत नहीं पहुंचे और वे उद्वेलित हों। और इसका लाभ भाजपा नेता राजनीति करने में उठाएं।

पटवारी ने भाजपा नेताओं से कहा कि वे घड़ियाली आंसू बहाना बंद करें और केंद्र से इस राज्य को राहत राशि दिलवाने में मदद करें, जिससे राज्य के किसानों को राहत राशि पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि जब भाजपा का शासन था, तब राज्य में किसानों पर गोलियां चलवाई गई। उस समय भी किसान आत्महत्या कर रहे थे। किसानों की हालत ठीक नहीं थी, इसलिए उन्होंने भाजपा को सत्ता से बेदखल कर दिया।
राज्य के पवई से भाजपा विधायक प्रहलाद लोधी की आपराधिक मामले में सजा के चलते सदस्यता समाप्त करने संबंधी विधानसभा के फैसले के बारे में पूछे जाने पर पटवारी ने कहा कि विधानसभा सचिवालय ने नियमों के अनुरूप ही कदम उठाया है और यह फैसला बिल्कुल उचित है। उन्होंने कहा कि ऐसे निर्णयों से जनप्रतिनिधि सबक लेंगे। राज्य के अन्य विषयों के संबंध में सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा कि वे इस बारे में अलग से चर्चा करेंगे, अन्यथा विषय भटक जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



