अपनी नाकामी छिपाने के लिए सेना का इस्तेमाल कर BJP खतरे की राह पर चल रही : अहमद पटेल

Summary :

अहमद पटेल ने ट्वीट किया, चुनाव अभियान में सशस्त्र बलों के इस्तेमाल को रोकने के चुनाव आयोग के परामर्श की सख्त आवश्यकता थी। इसे पूर्णत: लागू किया जाना चाहिए।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने चुनाव प्रचार में सशस्त्र बलों के उपयोग को रोकने वाले चुनाव आयोग के परामर्श की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा अपनी नाकामी छुपाने के लिए सेना का इस्तेमाल कर खतरे की राह पर चल रही है। चुनाव आयोग (ईसी) ने शनिवार को एक परामर्श जारी कर सभी राजनीतिक दलों से अपने चुनाव अभियान में सैनिकों और सैन्य अभियानों की तस्वीर का इस्तेमाल करने से बचने को कहा था।

आयोग ने एक राजनीतिक दल के पोस्टर में वायु सेना के विंग कमांडर अभिनंदन की तस्वीर के कथित इस्तेमाल पर संज्ञान लेते हुए राजनीतिक दलों को ऐसा करने से बचने का परामर्श जारी किया था। अहमद पटेल ने ट्वीट किया, ”चुनाव अभियान में सशस्त्र बलों के इस्तेमाल को रोकने के चुनाव आयोग के परामर्श की सख्त आवश्यकता थी। इसे पूर्णत: लागू किया जाना चाहिए। सुरक्षा बलों को राजनीति से बाहर रखें।” उन्होंने लिखा, ”अपनी स्वयं की विफलताओं को छुपाने के लिए सेना का इस्तेमाल कर भाजपा खतरे की राह पर चल रही है।”

ahmed patel tweet

गौरतलब है कि आयोग ने दिसंबर 2013 में भी रक्षा मंत्रालय की शिकायत पर ऐसा ही परामर्श जारी किया था। इसमें मंत्रालय ने विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों द्वारा चुनाव अभियान में सैन्यकर्मियों की तस्वीर का इस्तेमाल करने पर चुनाव आयोग का ध्यान आकर्षित करते हुए इसे रोकने के लिए उपयुक्त निर्देश जारी करने का अनुरोध किया था।

Desk Team