भाषा की मर्यादा भूले बंशीधर भगत, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा को कहा- ‘अरे बुढ़िया तुझसे क्यों संपर्क करेंगे’

Summary :

बंशीधर भगत के बयान पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने खेत प्रकट करते हुए कहा, ‘आदरणीय इंदिरा हृदयेश बहिन जी, आज मैं अति दुखी हूं। महिला हमारे लिए अति सम्मानित व पूज्या हैं।’

उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष बंशीधर भगत का एक विवादित वीडियो सामने आया है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में उन्होंने इंदिरा हृदयेश के लिए ‘बुढ़िया’ शब्द का इस्तेमाल किया। भगत के इस बयान पर इंदिरा हृदयेश ने नाराजगी जाहिर की।
समाचार एजेंस एएनआई द्वारा जारी वीडियो में बंशीधर भगत एक कार्यक्रम के दौरान मंच से कहते हैं, ‘हमारी नेता विपक्ष कह रही है कि बहुत से विधायक मेरे संपर्क में हैं, अरे बुढ़िया तुझसे क्यों संपर्क करेंगे?’ भगत के इस बयान पर सियासी बवाल की संभावना को देखते हुए खुद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने माफी मांगी है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने खेत प्रकट करते हुए  ट्वीट किया, ‘आदरणीय इंदिरा हृदयेश बहिन जी, आज मैं अति दुखी हूं। महिला हमारे लिए अति सम्मानित व पूज्या हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से आपसे व उन सभी से क्षमा चाहता हूं जो मेरी तरह दुखी हैं। मैं कल आपसे व्यक्तिगत बात करूंगा व पुनः क्षमा याचना करूंगा।’
बंशीधर भगत के इस विवादित बयान पर इंदिरा हृदयेश ने कहा, मैंने अपने खिलाफ इस्तेमाल की गई आहत भाषा सुनी है। बीजेपी की राज्य इकाई के अध्यक्ष के रूप में, वह (बंशीधर भगत) स्वयं पार्टी के प्रतिनिधि हैं। मैं गहराई से आहत हूं और चाहती हूं कि इस मामले का संज्ञान लिया जाए, और माफी जारी की जाए।
बता दें कि उत्तराखंड के नैनीताल जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में बीजेपी नेता ने यह विवादित टिप्पणी की। उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश हैं। उन्होंने बीते दिनों कहा था कि बीजेपी के पांच से छह-विधायक उनके संपर्क में हैं। इंदिरा हृदयेश हल्दानी से कांग्रेस विधायक हैं और उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुकी हैं।
 

Desk Team