बीजेपी नेता राजीव बनर्जी के भावी कदमों को लेकर अटकलों का बाजार गर्म रहने के बीच हावड़ा के दोमजुर में बुधवार को उन्हें ‘गद्दार’ बताते हुए जगह-जगह पोस्टर लगाए गए। ये पोस्टर कथित रूप से तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने लगाए हैं। उनमें कहा गया है कि विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में चले गए बनर्जी को तृणमूल में वापस नहीं लिया जाए।
इन पोस्टरों के लगने से एक दिन पहले मंगलवार को पूर्व तृणमूल मंत्री ने सोशल मीडिया पर अपनी नयी पार्टी बीजेपी के सदस्यों को चेतावनी दी थी कि ‘‘लोग भारी जनादेश से चुनी गई सरकार के खिलाफ राष्ट्रपति शासन की धमकी को पसंद नहीं करेंगे।’’ वह चुनाव बाद हिंसा को लेकर मंगलवार को बीजेपी की पश्चिम बंगाल इकाई के नेतृत्व द्वारा बुलायी गयी बैठक में भी नहीं गये थे। इससे उनके भावी कदमों को लेकर अटकलें और तेज हो गयी थीं।
एक तृणमूल कार्यकर्ता ने कहा, ‘‘राजीव बनर्जी भ्रष्ट और गद्दार हैं। हम पार्टी नेतृत्व से अपील करते हैं कि उन्हें वापस नहीं लिया जाना चाहिए।’’ दोमजुर के विधायक कल्याण घोष ने कहा कि तृणमूल के समर्थक बनर्जी की पार्टी में वापसी नहीं चाहते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने मुझसे इसके बारे में कहा है। यह सच है कि उन्होंने पार्टी के साथ विश्वासघात किया है।’’ बनर्जी दोमजुर सीट पर घोष से करीब 42000 वोटों के अंतर से हार गये थे। इस बीच एक बीजेपी नेता ने कहा, ‘‘ तृणमूल कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक दूसरे के पर्याय हैं। उनके बीजेपी से जुड़ने से पहले तक ऐसे आरोप कभी नहीं लगाये गये। यह तृणमूल का अंदरूनी मामला है। ’’


Download Android App
Download iOS App



