जितिन प्रसाद के पार्टी छोड़ने पर नहीं घबराई कांग्रेस, कहा- हमारे पास अभी भी हैं कई सशक्त नेता

Summary :

कांग्रेस नेता मिलिंद देवरा ने जितिन प्रसाद के भाजपा में शामिल होने के बाद बुधवार को कहा कि कांग्रेस को अपनी पुरानी स्थिति पाने के लिए प्रयास करना चाहिए। पार्टी में ऐसे नेता हैं, जिन्हें सशक्त बनाने और सही ढंग से इस्तेमाल किए जाने पर उम्मीद के मुताबिक नतीजे मिल सकते हैं।

कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवरा ने जितिन प्रसाद के भाजपा में शामिल होने के बाद बुधवार को कहा कि कांग्रेस को अपनी पुरानी स्थिति पाने के लिए प्रयास करना चाहिए और पार्टी के भीतर अब भी ऐसे नेता हैं, जिन्हें सशक्त बनाने और सही ढंग से इस्तेमाल किए जाने पर उम्मीद के मुताबिक नतीजे मिल सकते हैं।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मेरा मानना है कि कांग्रेस एक पार्टी के तौर पर यह कर सकती है और करना ही चाहिए कि वह एक विशाल पार्टी वाली अपनी पुरानी स्थिति फिर से हासिल करे। हमारे पास अब भी ऐसे नेता हैं जिन्हें अगर सशक्त किया जाए और बेहतरीन ढंग से इस्तेमाल किया जाए तो वे नतीजे दे सकते हैं।’’

देवरा ने कहा, ‘‘मैं सिर्फ यह कहता हूं कि काश, मेरे कई मित्रों, सम्मानित साथियों और मूल्यवान सहयोगियों ने हमारा साथ नहीं छोड़ा होता।’’ गौरतलब है कि जितिन प्रसाद ने बुधवार को भाजपा का दामन थाम लिया। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए इसे एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और भाजपा सांसद अनिल बलूनी की मौजूदगी में प्रसाद ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

Desk Team