बीजेपी नेतृत्व ने अपनी बंगाल इकाई को दी सलाह, कहा- पंचायत चुनाव से पहले मतभेद परे रखें और मिलकर करे काम

Summary :

पश्चिम बंगाल में अगले साल पंचायत चुनाव होने वाला है, उससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी बंगाल इकाई से कहा कि वह राज्य में अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव से पहले आपसी मतभेदों को दरकिनार कर एकजुट तरीके से काम करे।

पश्चिम बंगाल में अगले साल पंचायत चुनाव होने वाला है, उससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी बंगाल इकाई से कहा कि वह राज्य में अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव से पहले आपसी मतभेदों को दरकिनार कर एकजुट तरीके से काम करे। पार्टी के नेताओं ने यह जानकारी दी। केंद्रीय नेतृत्व ने कोलकाता के पास भाजपा की तीन दिवसीय संगठनात्मक बैठक में यह बात कही। यह बैठक बुधवार को संपन्न हुई।
वही, उत्तर 24 परगना जिले के राजारहाट के एक रिज़ॉर्ट में ‘प्रशिक्षण शिविर’ में प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और नव नियुक्त प्रदेश प्रभारी सुनील बंसल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी. एल. संतोष अंतिम सत्र में शामिल हुए। राज्य में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘ बैठक के दौरान केंद्रीय नेतृत्व ने कहा कि पार्टी को आपसी मतभेदों को दरकिनार कर एकजुट तरीके से काम करना होगा। इस संदेश को बूथ स्तर तक पहुंचाना होगा।’’
बंसल का था ये पहला दौरा 
भाजपा के नेताओं ने उन लोगों को पार्टी में शामिल करने पर जोर दिया, जो पार्टी में शामिल होने को इच्छुक हैं, हालांकि लेकिन उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पूरी जांच की जाए। पार्टी की राज्य इकाई का प्रभार दिए जाने के बाद बंसल का पश्चिम बंगाल का यह पहला दौरा था।

Desk Team