मुंबई : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव राम माधव ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी ने साबित कर दिया है कि राजनीतिक दल मूल्य और प्रदर्शन के आधार पर भी चल सकते हैं। वह ठाणे जिले के भायंदर के निकट उत्तन में रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी (आरएमपी) में आयोजित किये जा रहे तीन दिवसीय ओरिएंटेशन-कम-लीडरशिप-डेवलपमेंट कार्यक्रम के उद्घघाटन के मौके पर बोल रहे थे। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और उनके राज्य के 41 विधायक भाग ले रहे हैं।
उन्होंने इन विधायकों से कहा कि ‘‘आप लोग लोकप्रियता के हिसाब से बहुत अच्छे हो सकते हैं लेकिन आपको प्रदर्शन भी बहुत अच्छा करना होगा।..भाजपा केवल एक दल ही नहीं है एक जीवन शैली और राजनीतिक संस्कृति भी है।’’ माधव ने कहा, ‘‘हम 1600 से अधिक पंजीकृत दलों में से एक हैं और हम दूसरे दलों से अलग हैं। हमने साबित किया है कि दल मूल्यों और प्रदर्शन के आधार पर भी चलाये जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश अब सुपर पावर बनने की ओर अग्रसर है क्योंकि देश की कमान ‘‘सबसे ईमानदार प्रधानमंत्री’’ के हाथों में है। आरएमपी, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से संबद्ध एक स्वतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान है। वही यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन माधव और भाजपा उपाध्यक्ष विनय सहस्त्रबुद्धे ने किया ।


Download Android App
Download iOS App



