भाजपा नेता प्रवीण दरेकर ने मंगलवार को कहा कि अगर सत्तारूढ़ शिवसेना निलंबित पुलिस अधिकारी सचिन वाजे का बचाव करना जारी रखती है तो महाराष्ट्र सरकार की मंशा पर और ज्यादा सवाल उठेंगे।
दरेकर ने यहां पत्रकारों से कहा कि उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटकों से लदी कार मिलने के मामले में सहायक पुलिस निरीक्षक वाजे को गिरफ्तार करने वाले राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) एक सक्षम एजेंसी है।
उन्होंने कहा, “शिवसेना जितना बचाव सचिन वाजे का करेगी, शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस की सरकार की मंशा को लेकर उतना ज्यादा संदेह बढ़ेगा।” महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता दरेकर ने कहा, “मेरा ख्याल है कि वाजे के पूरे प्रकरण के पीछे एक गहरी साजिश है।”
उन्होंने आरोप लगाया, “जिस तरह से राज्य सरकार के स्तर पर कई बैठकें की जा रही हैं, उससे संकेत मिलता है कि कुछ वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और राजनीतिक नेता शामिल हैं।” भाजपा पर महाराष्ट्र को बदनाम करने के सरकार के आरोप पर दरेकर ने कहा कि सरकार खुद बदनाम हो रही है। उन्होंने कहा, “उनकी खुद की छवि खराब हो रही है और न कि महाराष्ट्र की।”
एनआईए ने वाजे को शनिवार को गिरफ्तार किया था और सोमवार को उन्हें निलंबित कर दिया गया था। वह कारोबारी मनसुख हिरन की रहस्मय मौत के आरोप का सामना कर रहे हैं। हिरन ने दावा किया था कि अंबानी के घर के बाहर से मिली गाड़ी उनके कब्जे से चोरी हो गई थी।
शिवसेना मुखपत्र सामना में पार्टी ने सोमवार को आरोप लगाया कि वाजे ने पत्रकार अर्नब गोस्वामी को अन्वय नाइक खुदकुशी मामले में गिरफ्तार किया था। इसलिए वह “ भाजपा और केंद्र की हिट लिस्ट’’ में थे।


Download Android App
Download iOS App



