भाजपा नेता नारायण राणे ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे कोविड-19 के बढ़ते मामलों से निपटने में विफल रहे हैं और लोगों को एक बार फिर लॉकडाउन लगाने की ‘‘धमकी’’ दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में संक्रमण के कारण 54 हजार लोगों की मौत हुई है, जो देश में किसी भी राज्य के लिए सर्वाधिक है। साथ ही उन्होंने कहा कि एक और लॉकडाउन लगाया जाना ‘‘अस्वीकार्य’’ है।
उद्धव ठाकरे के कोविड-19 के खिलाफ चलाए गए ‘मेरा परिवार, मेरी जवाबदेही’ अभियान पर तंज कसते हुए राणे ने कहा कि मुख्यमंत्री का अपना परिवार संक्रमित हो गया था। मुख्यमंत्री की पत्नी रश्मि और उनके पुत्र तथा मंत्री आदित्य ठाकरे हाल में कोरोना वायरस महामारी से संक्रमित हुए थे। राणे ने दावा किया, ‘‘एक वर्ष में मुख्यमंत्री और उनकी सरकार राज्य में स्वास्थ्य ढांचे में सुधार लाने में विफल रही और अब लोगों को एक बार फिर से लॉकडाउन लगाने की धमकी दे रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘नागरिकों से आपको सम्मान के साथ बात करनी चाहिए, न कि धमकी देना चाहिए। एक और लॉकडाउन अस्वीकार्य है।’’ बता दें कि महाराष्ट्र में गुरुवार को कोविड-19 के 43,183 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या 28,56,163 हो गयी। महामारी की शुरुआत के बाद से राज्य में एक दिन में सबसे ज्यादा मामले आए हैं। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राज्य में संक्रमण से 249 और मरीजों की मौत हो गयी। इस तरह , पिछले साल अक्टूबर के बाद से एक दिन में सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। संक्रमण से राज्य में अब तक कुल 54,898 लोग दम तोड़ चुके हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 32,641 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी मिलने के साथ अब तक 24,33,368 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में फिलहाल 3,66,533 मरीजों का उपचार चल रहा है। इससे पहले 28 मार्च को संक्रमण के सबसे ज्यादा 40,414 मामले आए थे। संक्रमण से 249 मौतों में से पिछले 48 घंटे में 140 लोगों की मौत हुई जबकि 109 लोगों की मौत पिछले सप्ताह हुई।


Download Android App
Download iOS App



