भाजपा-शिवसेना गठबंधन 24 मार्च से महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले से लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान शुरू करेगा। गठबंधन दल से जुड़े एक नेता ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक सूत्र के अनुसार चुनाव प्रचार की अपनी योजनाओं को अंतिम रूप देने के लिये मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस और उनके मंत्रियों ने मंगलवार रात शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के आवास पर उनसे मुलाकात की।
भाजपा के एक नेता ने बताया, ”प्रदेश-स्तर के नेता 24 मार्च को कोल्हापुर से चुनाव प्रचार अभियान शुरू करेंगे।” शिवसेना के एक नेता ने बताया कि विदर्भ, मराठवाड़ा, मुंबई और उत्तर महाराष्ट्र से नेता और कार्यकर्ता दोनों पहली रैली से पहले अपने-अपने संबंधित क्षेत्र में तीन या चार बैठकें करेंगे।
महाराष्ट्र में लोकसभा की 48 सीटें हैं जो उत्तर प्रदेश के बाद देश में सबसे अधिक हैं। उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक 80 लोकसभा सीटें हैं। भाजपा और शिवसेना राज्य में क्रमश: 25 और 23 सीटों पर चुनाव लड़ने पर सहमत हुए हैं। देश में लोकसभा की कुल 543 सीटों के लिये चुनाव सात चरणों में होंगे। चुनाव 11 अप्रैल से शुरू होकर 19 मई को खत्म होंगे। मतगणना 23 मई को होगी।


Download Android App
Download iOS App




