BJP-TDP गठबंधन पर फैसला आज, नायडू ने बुलाई आपात बैठक

Summary :

NULL

आम बजट 2018 में आन्ध्र प्रदेश की अनदेखी से नाराज चल रही तेलगु देशम पार्टी (टीडीपी) एनडीए में बने रहने पर आज फैसला ले सकती है। नाराजगी के बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को पार्टी के सभी सांसदों की बैठक बुलाई है। विजयवाड़ा में होने वाली इस बैठक में गठबंधन पर चर्चा की जाएगी।

टीडीपी के सांसद पी. रविंद्र बाबू ने गठबंधन को लेकर कहा, ‘सीएम जो भी फैसला लेंगे, हम उसके साथ हैं। बीजेपी के बजट से हम खुश नहीं है। आंध्र प्रदेश के लिए जो बजट आवंटन किया गया, वह सही नहीं है।’ गौरतलब है कि शनिवार को टीडीपी अध्यक्ष और प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से फोन पर भी बात की थी।

बजट में आंध्र प्रदेश की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए टीडीपी ने एनडीए गठबंधन से अलग होने के संकेत दिए थे। बजट पर नाराजगी जताते हुए चंद्रबाबू ने कहा था कि चुनाव से पहले यह बीजेपी का यह आखिरी बजट था लेकिन इसके बावजूद आम जनता की तरफ इस बजट में ध्‍यान नहीं दिया गया।

वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने कहा है कि टीडीपी हमारी पुरानी सहयोगी पार्टी है, हम बातचीत कर मामले को सुलझा लेंगे। बता दें कि टीडीपी 2014 से ही आंध्र प्रदेश के लिए विशेष राज्य के दर्जे की मांग कर रही है। कई मुद्दों को लेकर टीडीपी का बीजेपी के साथ मनमुटाव है। राज्यसभा में तीन तलाक बिल पर टीडीपी ने विपक्षी पार्टियों का साथ दिया था जबकि टीडीपी एनडीए में बीजेपी की सहयोगी है।

अधिक जानकारियों के लिए यहां क्लिक करें।

Desk Team