त्रिपुरा की दो दिवसीय यात्रा पर आए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल की जनता की आवाज है और यह राज्य में भ्रष्टाचार व अराजकता के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी। नड्डा ने यहां पत्रकारों से कहा कि भाजपा बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के भ्रष्टाचार, अत्याचारों और कुप्रबंधन का कड़ा विरोध कर रही है।
लोगों का समर्थन प्राप्त
भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, “सभी जानते हैं कि बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद वहां हिंसा हुई। टीएमसी कानून के राज की अवहेलना करती रही है, जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और कांग्रेस मूकदर्शक बनी हुई है… भाजपा बंगाल की जनता की आवाज बन गई है।”उन्होंने कहा, “अगर भाजपा तीन साल में बंगाल में अपना वोट शेयर 3 फीसदी से बढ़ाकर 38 फीसदी कर सकती है, तो पार्टी पांच साल में 40 फीसदी वोट शेयर भी हासिल कर सकती है। बंगाल में भाजपा के वोट शेयर में भारी वृद्धि पार्टी के प्रति लोगों के समर्थन को दर्शाती है।”
टीएमसी पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा, “बंगाल के शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में जो कुछ हुआ है, उसे देखकर शर्म आनी चाहिए।”उन्होंने आरोप लगाया, “एक महिला मुख्यमंत्री (ममता बनर्जी) होने के बावजूद बंगाल मानव तस्करी के मामले में अव्वल है।”नड्डा ने कहा कि भाजपा एकमात्र राजनीतिक ताकत है, जो बंगाल में टीएमसी के खिलाफ लड़ती रहेगी।


Download Android App
Download iOS App



