गोवा में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने है। भारतीाय जनता पार्टी के गोवा के नव नियुक्त चुनाव प्रभारी देवेंद्र फड़णवीस ने सोमवार को कहा कि प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।
फडणवीस ने यह भी कहा कि भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक समान विचारधारा वाले दलों के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन पर फैसला करेगी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके फडणवीस अभी केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और दर्शन जरदोश के साथ गोवा में हैं और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत लगातार बैठकें कर रहे हैं। रेड्डी और जरदोश को गोवा का सह चुनाव प्रभारी बनाया गया है।
फडणवीस ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की सरकारों ने जो काम किया है उसके कारण आगामी विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ जीत के प्रति भाजपा आश्वस्त है। एक सवाल के जवाब में फडणवीस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गोवा चुनाव एकजुट होकर लड़ेगी और ऐतिहासिक जीत प्राप्त करेगी।
गौरतलब है कि 2017 में हुये प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 40 में से 17 सीटों पर जीत मिली थी जबकि भाजपा के खाते में 13 सीटें आयी थी। हालांकि, कांग्रेस को चौंकाते हुये भगवा पार्टी ने निर्दलीय और क्षेत्रीय दलों के साथ मिल कर मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में सरकार का गठन कर लिया।
फडणवीस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की कमी खलेगी, जिनका 2019 में निधन हो गया था। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मैं यह बताना चाहता हूं कि पर्रिकर के निधन के बाद मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने राज्य प्रशासन को बेहतर तरीके से संभाला है। उन्होंने यह भी कहा कि सही समय आने पर अगले मुख्यमंत्री के उम्मीदवार के नाम की घोषणा की जायेगी। उन्होंने कहा कि गोवा विधानसभा का आगामी चुनाव प्रमोद सावंत के नेतृत्व में लड़ा जायेगा।


Download Android App
Download iOS App



