महाराष्ट्र के मुंबई में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच बीएमसी ने सख्ती दिखाई है। इसके मद्देनजर पिछले 24 घंटों में मुंबई में 984 बिल्डिंगें सील कर दी गई हैं। इसके साथ ही बीएमसी ने बांद्रा के तीन रेस्त्रां और एक क्लब में छापा मारा, जहां लोग कोरोना नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए गए।
अब तक सील हुई बिल्डिंगों की संख्या बढ़कर 1305 हो गई है। एक दिन पहले मुंबई में सील बिल्डिंगों की संख्या 321 थी, जबकि कंटेन्मेंट जोन की संख्या 57 थी। बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि कुछ दिन पहले ही बिल्डिंगों को सील करने का नियम बदला है, जिसके मुताबिक बिल्डिंग में पांच कोरोना मरीज मिलने के बाद उसे सील कर दिया जाएगा।
इसी के तहत कार्रवाई करते हुए बीएमसी ने मुंबई में चौबीस घंटों में 984 बिल्डिंगों को सील कर दिया है। सील बिल्डिंगों में कुल 71,838 हाउसहोल्ड्स हैं, जबकि कुल जनसंख्या 2 लाख 75 हजार 151 है। मुलुंड एरिया में सबसे ज्यादा 233 सील बिल्डिंग हैं। इसके बाद सबसे ज्यादा सील बिल्डिंग घाटकोपर एवं गोरेगांव में 125-125 हैं। उसके बाद ग्रांट रोड में 110 बिल्डिंगों को सील किया गया है। उसके बाद बोरीवली एरिया में 106 व चेंबूर में 105 बिल्डिंग सील हैं।
वडाला, सायन एवं माटुंगा में एक भी बिल्डिंग सील नहीं है। कुर्ला, साकीनाका एरिया में सील बिल्डिंगों की संख्या सिर्फ 1 है, जबकि कालबादेवी में 5 व मालाड में 7 सील बिल्डिंग हैं। वहीं शनिवार रात मुंबई के सायन पनवेल हाईवे और वेस्टर्न एक्सप्रेसवे पर बैरिकेटिंग लगाकर बिना मास्क लगाए हुए लोगों को मास्क लगाने की हिदायत दी गई।


Download Android App
Download iOS App



