बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने बुधवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार से यहां उनके आवास पर मुलाकात की। सूद के खिलाफ बीएमसी ने अवैध निर्माण को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। सूत्रों ने कहा कि मुलाकात के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है।
बृहन्मुंबई नगर पालिका ने पिछले सप्ताह जुहू पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई थी और कथित रूप से रिहायशी इमारत को बिना अनुमति के होटल में परिवर्तित किए जाने को लेकर सूद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी। बीएमसी ने इमारत का मुआयना किया और यह पाया कि सूद ने नियमों का पालन नहीं किया है।
इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत भेजी थी। बीएमसी ने यह भी पाया था कि पिछले साल अक्टूबर में सूद को एक नोटिस दिए जाने के बाद भी कथित अवैध निर्माण जारी रहा। पुलिस ने इस मामले में अभी एफआईआर दर्ज नहीं किया है । बीएमसी के नोटिस को चुनौती देने के लिए सूद बंबई उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।


Download Android App
Download iOS App



